मसूरी में बारिश के बीच माल रोड पर गिरा पेड़, होटल की छत और रेलिंग क्षतिग्रस्त

0
tree-fell-on-Mall-Road.png

मसूरी। लगातार हो रही भारी बारिश के बीच मसूरी में रविवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया। माल रोड स्थित गढ़वाल टैरेस के पास अचानक एक पेड़ सड़क पर गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से सड़क किनारे लगी रेलिंग टूट गई, जबकि होटल सूर्य किरण की छत को भी नुकसान पहुंचा है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी पर्यटक या अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।

होटल स्वामी अजय भार्गव के अनुसार पेड़ करीब रात ढाई बजे अचानक गिरा। पेड़ गिरने से होटल की छत और वहां खड़ी गाड़ी को नुकसान पहुंचा। तेज आवाज के साथ पेड़ के गिरने से आसपास के लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि लगातार बारिश और पेड़ के अंदर से कमजोर व खोखला होने के कारण वह अचानक जड़ से उखड़कर सड़क पर गिर गया। पेड़ का एक हिस्सा माल रोड पर आ गिरा, जबकि दूसरा हिस्सा होटल की छत पर अटक गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सड़क पर गिरे पेड़ के हिस्से को हटाया। इसके बाद माल रोड पर यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी। हालांकि पेड़ का एक बड़ा हिस्सा अभी भी होटल की छत पर लटका हुआ है, जिसे हटाने की कार्रवाई की जा रही है।

स्थानीय लोगों ने बारिश के मौसम को देखते हुए शहर में कमजोर और सूखे पेड़ों की पहचान कर उन्हें समय रहते हटाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण कई पेड़ कमजोर हो चुके हैं और ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। प्रशासन से संभावित खतरे वाले पेड़ों का सर्वे कराने की मांग की गई है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *